कपलिंग लॉक खराब होने से ट्रेन से इंजन हुआ था अलग
सहारनपुर। कपलिंग का लॉक खराब होने से अर्चना एक्सप्रेस में ट्रेन से इंजन अलग होने की घटना घटित हुई थी। बताया कि कोई भारी जानवर इंजन की कपलिंग के लॉक से टकरा गया था, जिस कारण कपलिंग की इंटरनल लॉकिंग क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसमेें ये सब हुआ।
अर्चना एक्सप्रेस में हुए हादसे की जांच के लिए अंबाला से सीनियर डीसीएम के नेतृत्व में आई जांच टीम ने यह रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजी है। अर्चना एक्सप्रेस में शुक्रवार की सुबह सहारनपुर से पहले पिलखनी में चलती ट्रेन से इंजन अलग हो गया था। इसके बाद सहारनपुर से आगे चलने पर खान आलमपुरा यार्ड के नजदीक यही घटना फिर से हो गई। जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई थी।
जांच टीम द्वारा रेलवे बोर्ड को भेजी गई रिपोर्ट में सीबीसी में डिफेक्ट मिला बताया गया। जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्रेन के रास्ते में कहीं कोई भारी जानवर इंजन की कपलिंग के लॉक से टकराते हुए गुजर गया था। जिस कारण कपलिंग की इंटरनल लॉकिंग क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसे एक बार ठीक किया गया था। लेकिन दोबारा लॉक निकल गया। जिसके चलते इंजन अलग हो गया।
मंडल रेल प्रबंधक डीसी शर्मा ने बताया कि जांच टीम ने रिपोर्ट सौंप दी है। जांच रिपोर्ट में किसी की लापरवाही सामने नहीं आई है। संभवत: किसी भारी कैटल रन ओवर से ही लॉक कंपोनेंट बेंड हो गया था। जिस कारण ट्रेन से इंजन अलग हो गया था। इस प्रकार की खामी को दूर करने का प्रयास कराया जाएगा।