देवबंद (सहारनपुर)। अक्तूबर माह समाप्त होने के साथ ही नगर में डेंगू बुखार ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार को बुखार से एक महिला की मौत होने से लोगों में खलबली मच गई। बुखार के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगरपालिका परिषद द्वारा एंटी लार्वा दवाई एवं फोगिंग का छिड़काव कराना शुरू करा दिया है।
शिक्षक नगर निवासी सुभाष होरा की पत्नी प्रभा होरा (55) की डेंगू बुखार से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक दो दिन पूर्व उसको बुखार आया था। जिसका नगर के ही एक चिकित्सक से इलाज कराया गया। जहां हालत बिगड़ने पर उसे मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया लेकिन शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों की माने तो प्रभा को डेंगू बताया गया था।
सीएचसी के कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. इंद्राज ने बताया कि सामान्य बुखार के मरीज तो अस्पताल में आ रहे हैं लेकिन डेंगू का कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सितंबर माह में अभियान चलाकर डेंगू बुखार के प्रति लोगों को जागरूक किया गया था। इस दौरान नगर के विभिन्न मोहल्लों में डेंगू का लार्वा मिलने पर मिट्टी एवं प्लास्टिक के पानी से भरे बर्तनों को खाली कराया गया। वहीं, निजी चिकित्सकों के यहां सबसे अधिक बुखार के मरीज उपचार कराने पहुंच रहे हैं।
बता दें कि गत वर्ष सितंबर माह में डेंगू बुखार से करीब 50 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक पैमाने पर अभियान चलाया था। वहीं, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए एंटी लार्वा दवाई एवं फोगिंग का नगरपालिका ने छिड़काव शुरू करा दिया है। ईओ राजीव कुमार जैन ने बताया कि 26 अक्तूबर से अभियान आरंभ किया गया। नगर के समस्त नालों और नालियों की सफाई कराकर उनमें एंटी लार्वा दवा का स्प्रे कराया जा रहा है। शिक्षक नगर कॉलोनी निवासी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि कॉलोनी में जगह-जगह गंदगी के ढेर पड़े हैं। सफाई न होने से मच्छरों का जबरदस्त आतंक हैं। इस कारण लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। लगभग यही हाल अन्य मोहल्लों व कालोनियों का भी देखने को मिल रहा है।