सहारनपुर। शब्बीरपुर में पांच मई की घटना के बाद नौ मई को मल्हीपुरा रोड स्थित रामनगर में भीम आर्मी से जुड़े दलित समाज के युवकों ने आक्रोश जताया था। इस दौरान एडीएम-प्रशासन और सिटी मजिस्ट्रेट को भागकर जान बचानी पड़ी थी। घटना के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इनमें से तीन युवक हाल ही में जेल से रिहा हुए हैं, जिनका ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया।
नौ मई की घटना में अन्य आरोपियों के साथ ही पुलिस ने पिंजौरा के विशु, अर्जुन और सुनील को भी गिरफ्तार किया था। तीनों जेल से बाहर आ गए हैं। शुक्रवार को तीनों के स्वागत में गांव रामनगर, पिंजौरा और नया गांव के लोगों ने एक कार्यक्रम रखा। तीनों को वाहन पर ऊपर खड़ा कर डीजे के साथ विजयी जुलूस निकाला गया। सैकड़ों की संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने रामनगर से पिंजौरा तक जुलूस निकाला। इसके बाद गांव में भंडारे का आयोजन किया गया। आसपास के ग्रामीणों ने तीनों को मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।