देवबंद (सहारनपुर)। मुस्लिम फंड ट्रस्ट के सहायक प्रबंधक नवाब मुजफ्फर उस्मानी का लंबी बीमारी के चलते बृहस्पतिवार को इंतकाल हो गया। वह 75 वर्ष के थे। उनके इंतकाल पर सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के लोगों ने दुख जताया है।
नवाब मुजफ्फर उस्मानी पिछले कई माह से बीमार चल रहे थे। बृहस्पतिवार की सुबह उन्होंने अपना आवास पर अंतिम सांस ली। उनके इंतकाल की खबर मिलने पर जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी, मुस्लिम फंड ट्रस्ट के महाप्रबंधक मौलाना हसीब सिद्दीकी, सचिव काजी अनवार समेत अन्य लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। दोपहर करीब 1.30 बजे दारुल उलूम की आहत-ए-मोलसरी में उनकी नमाज-ए-जनाजा अदा की गई। जिसके उपरांत उन्हें मजार-ए-कासमी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। मौलाना हसीब सिद्दीकी ने दुख का इजहार करते हुए कहा कि नवाब मुजफ्फर पिछले करीब 50 वर्षों तक विभिन्न पदों पर रहकर मुस्लिम फंड में अपनी सेवाएं देते रहे। नवाब मुजफ्फर के निधन पर श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक माविया अली, पूर्व चेयरमैन जियाउद्दीन अंसारी, डा. अख्तर सईद, उबैद इकबाल, मौलाना नसीम अख्तर शाह कैसर, सैय्यद वजाहत शाह, नजम उस्मानी, तनवीर, शाहिद अली, उमैर उस्मानी, सलीम उस्मानी, फहीम अलवी, जावेद रफी, हाफिज अब्दुल खालिक, मसूद राणा आदि ने शोक व्यक्त किया।