छुटमलपुर (सहारनपुर)। एसडीएम की अगुवाई में शुक्रवार को खाद्य विभाग की टीम ने कसबे की दुकानों पर छापेमारी कर दो दुकानों से खाद्य पदार्थों के तीन नमूने लिए। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। ज्यादातर दुकानदार अपनी दुकान बंद करके भाग खड़े हुए। मौके पर पहुंचे कुछ व्यापारियों ने एसडीएम के समक्ष छापेमारी का विरोध भी किया।
दोपहर 12 बजे एसडीएम बेहट वैभव शर्मा की अगुवाई वाली टीम छुटमलपुर पहुंची। खाद्य निरीक्षक राहुल शुक्ला ने रुड़की रोड स्थित स्थित एक मिठाई की दुकान से दो नमूने लिए। इसके बाद वह देहरादून रोड स्थित एक परचून की दुकान पर पहुंचे। यहां से मैदे का नमूना लिया गया। करीब एक घंटा तक टीम कसबे में रही इस दौरान व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। यहां तक की व्यापार मंडल पदाधिकारी भी अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए। बाद में टीम की कार्रवाई के विरोध में पश्चिमी उप्र संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष मांगेराम शर्मा, व्यापारी सुरक्षा फोरम के विकास गुप्ता और व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश राणा के साथ व्यापारियों ने एसडीएम से मिल कर इसे उत्पीड़नात्मक कार्रवाई बताते हुए विरोध जताया। एसडीएम ने इसे नियमित कार्रवाई बताते हुए भरोसा दिलाया कि किसी का भी शोषण नहीं होगा यदि मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री बिकती मिली तो कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ता के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ बरदाश्त नहीं किया जा सकता है।