सहारनपुर। राजस्थान में आरक्षण के लिए आंदोलन कर रहे गुर्जर समाज के समर्थन में सहारनपुर के गुर्जर बुधवार को सड़क पर उतरे। उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सवाल उठाया कि यदि सवर्णों को दस फीसदी आरक्षण मिल सकता है तो 15 साल से आंदोलन कर रहे गुर्जरों को पांच प्रतिशत आरक्षण क्यों नहीं मिल सकता? उन्होंने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर आरक्षण की मांग दोहराई।
अखिल भारतीय युवा गुर्जर महासभा के आह्वान पर गुर्जर समाज के लोग बुधवार की सुबह हकीकत नगर तिराहा स्थित रामलीला मैदान पर इकट्ठा हुए। वहां से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। चौधरी वीरेंद्र गुर्जर, लोकेश गुर्जर और परीक्षित वर्मा ने कहा कि राजस्थान का गुर्जर समाज पांच प्रतिशत आरक्षण के लिए 15 साल से आंदोलन कर रहा है। आंदोलन में अभी तक 73 लोग अपनी जान गवा चुके हैं, मगर सरकार मानने को तैयार नहीं है। उन्होंने चेताया कि देश भर का गुर्जर समाज एक है। यदि सरकार ने जल्द से जल्द मांग नहीं मानी तो परिणाम बुरे होंगे। संदीप प्रधान, संदीप चेयरमैन और राहुल चेहड़ी ने कहा कि सवर्ण समाज को मात्र छह दिन के आंदोलन पर दस प्रतिशत आरक्षण सरकार ने दिया, मगर गुर्जर समाज 15 साल से पांच प्रतिशत आरक्षण मांग रहा है, जिसकी अनदेखी की जा रही है। महासभा ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांग दोहराई। इस मौके पर हिमांशु पुंडीर, अरविंद चौधरी, संदीप गुर्जर, अमर सिंह, धनवीर, अमित, सहदेव, नवाब गुर्जर, प्रवीण राठौर, मुकेश, रविंद्र, विनोद, संजय, सुंदर, महावीर, हरीश चेयरमैन आदि मौजूद रहे। उधर, सपा नेता चौधरी राजपाल सिंह ने राजस्थान में चल रहे आंदोलन की सफलता के लिए कर्नल बैंसला की सराहना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गुर्जर समाज की मांग को लगातार अनदेखा कर रही है, जो ठीक नहीं है।