सहारनपुर। नागल मार्ग पर टपरी रेलवे फाटक खराब होने पर वाहन रेलवे ट्रैक पर फंसे रह गए, जिससे हड़कंप मच गया। बाद में रेल कर्मी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कराकर फाटक उठवाया गया। तब जाकर वाहनों को वहां से निकाला गया।
मामला बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे का है। सहारनपुर - नागल मार्ग पर टपरी रेलवे फाटक को ट्रेन निकालने के लिए बंद कराया गया था। इसी दौरान कुछ बाइक सवार लोग फाटक के अंदर ही खड़े रहे। इसके बाद ट्रेन निकाल दी गई, लेकिन फिर जैसे ही फाटक को उठाया गया और कार तथा अन्य वाहन रेलवे ट्रैक पर पहुंचे, तो फाटक फिर से नीचे गिर गया। इस कारण कार, बाइकें और अन्य वाहन दोनों बैरियर के बीच रेलवे ट्रैक पर फंस गए। इस कारण वाहनों में सवार लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद गेटमैन मौके पर पहुंचा। साथ ही उच्चाधिकारियों को इस बारे में सूचना दी गई। इसके बाद कर्मचारियों ने फाटक की मरम्मत कराई और वाहनों को वहां से निकाला जा सका।