मेडिकल कालेज का नाम बदलने की मांग
सहारनपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रवादी सेना के कार्यकर्ताओं ने पिलखनी स्थित मेडिकल कालेज नाम बदलकर कांशीराम मेडिकल कालेज कराने की मांग की। उन्होंने पूर्व की सपा सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि सपा-बसपा के गठबंधन को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान पर अखिल भारतीय राष्ट्रवादी सेना के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने सपा के साथ गठबंधन कर दलितों, वंचितों सहित सर्व समाज को अपमानित करने का कार्य किया है क्योंकि पूर्व की सपा सरकार ने दलितों का शोषण किया था। दलितों के मसीहा कांशीराम के नाम पर बने मेडिकल कालेज का नाम बदलकर शेखुल हिंद मौलाना महमूद उल हसन मेडिकल कालेज कर दिया। इसके साथ ही जिले में कई जगहों पर गुरु रविदास और बाबा साहब डाक्टर भीमराव आंबेडकर की जयंती पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा पर रोक लगाई। उन्होंने मेडिकल कालेज का नाम दोबारा कांशीराम मेडिकल कॉलेज किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस दौरान बिजनेश प्रधान, सौरभ बजरंगी, सुमन शर्मा, अंकुर रादौर, विवेक कुमार, सागर कुमार, लोकेश कुमार, मदन सिंह मौजूद रहे।