देवबंद (सहारनपुर)। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने भायला गांव में डा. शक्ति सिंह के घर पर हुई चोरी की वारदात का 13 दिन बाद भी खुलासा नहीं होने पर रोष प्रकट किया है।
सहकारी गन्ना विकास समिति की बैठक में जिला उपाध्यक्ष राजपाल सिंह और ब्लाक महामंत्री किरणपाल सिंह राणा ने कहा कि 31 अक्तूबर को भायला गांव में चोरों ने डा. शक्ति सिंह के घर पर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, लेकिन रिपोर्ट दर्ज किए जाने तथा सीओ को ज्ञापन देने के बाद भी पुलिस वारदात का अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। जिससे पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। बैठक के बाद संघ पदाधिकारियों ने गृह मंत्रालय, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय को फैक्स भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया है। चेतावनी दी गई अगर पुलिस ने घटना का शीघ्र खुलासा नहीं किया तो भारतीय किसान संघ सड़कों पर आकर आंदोलन को मजबूर होगा। संगठन पुलिस प्रशासन का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेगा। इस मौके पर शक्ति सिंह, मुनेश त्यागी, नरेंद्र कुमार, आदेश त्यागी, महेंद्र सिंह, रहतू सिंह, रामस्वरुप, कुलदीप, विकास आदि मौजूद रहे।