रोडवेज बसों की ई-टिकट मशीनें हुई खराब
सहारनपुर। रोडवेज डिपो के परिचालकों को दी जाने वाली ई-टिकट मशीनें एक के बाद एक करके खराब होने लगी हैं। सहारनपुर डिपो के परिचालक फिर से हाथ से ही टिकट बनाने लगे हैं। जिससे न सिर्फ बसों की रफ्तार कम हो गई है, बल्कि परिचालकों को भी पहले की तरह काम बढ़ गया है।
ई-टिकट मशीनों के कांटेक्ट कंपनी के कर्मचारियों की हड़ताल ने मुसीबत खड़ी कर दी है। परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार संबंधित कर्मचारियों द्वारा वेतन संबंधी समस्या को लेकर की गई हड़ताल के चलते मशीनें खराब होने के बाद ठीक नहीं हो पाईं। एक के बाद एक करके खराब होती गईं और स्टोर में जमा होती रहीं। अब तक लगभग 30 ई-टिकट मशीनें खराब हो चुकीं हैं। परिचालकों ने इसकी शिकायत भी एआरएम से की। परिवहन निगम के परिचालकों का कहना है कि ई-टिकट मशीनों से काम काफी कम हो जाता है और टिकट भी जल्दी बन जाते हैं, जबकि अब हाथ से टिकट बनाने पड़ रहे हैं, पूरा चार्ट भरना पड़ रहा है। इस माह यह समस्या गहरा गई है। हर रोज ही दो-तीन मशीनें खराब हो रही हैं। एआरएम जगदीश सिंह का कहना है कि 12 अक्तूबर से ई-टिकट मशीनों की मेंटिनेंस करने वाली कंपनी के कर्मचारी वेतन समस्या को लेकर हड़ताल पर हैं। जिस कारण मशीनें ठीक नहीं हो पा रहीं है। सहारनपुर डिपो की लगभग 25-30 मशीनें खराब हो गईं हैं। जो ठीक नहीं हो पा रहीं हैं। जब तक मशीनें ठीक नहीं हो रहीं तब तक मैन्युअल टिकट ही बनाए जा रहे हैं।
---------