नहीं मिले परिचालक, डिपो में खड़ी हैं 333 बसें
सहारनपुर। कांवड़ यात्रा के दौरान अतिरिक्त बसों की व्यवस्था दावे धड़ाम हो गए। परिचालक नहीं होने के कारण मंडल छह डिपो में 333 बसें सड़क पर उतर ही नहीं पाई। रोडवेज विभाग नए सिरे से संविदा पर परिचालकों की भर्ती करने की तैयारियों में जुटा है। इसकी प्रक्रिया को पूरी करने में ही कांवड़ यात्रा संपन्न हो जाएगी।
विभाग ने कांवड़ यात्रा के दौरान सभी बसों को सड़क पर उतारने के निर्देश दिए थे। जिससे कांवड़ियों को परेशानी न हो और यात्रियों को भी गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। पूरे सहारनपुर परिक्षेत्र की बसों को सड़क पर उतारने की बात आई तो विभाग को परिचालक ही नहीं मिले। सहारनपुर मंडल के सभी छह डिपो में 333 बसें खड़ी ही रह गईं। विभाग को रिपोर्ट भेजी गई तो विभाग ने तुरंत परिचालकों की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। परिवहन निगम सहारनपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार का कहना है कि परिचालकों की तुरंत ही संविदा पर भर्ती शुरू की जा रही है। छह से 12 अगस्त तक इंटरमीडिएट पास लोगों से आवेदन लेकर भर्ती कर ली जाएगी, जिससे डिपो में खड़ी सभी बसों का संचालन कराया जा सके। यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।