सहारनपुर। जिला गन्ना अधिकारी डा आरडी द्विवेदी ने कहा कि पुराना ऋण वसूल करने में कोताही बरतने वाले गन्ना पर्यवेक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गन्ना पर्यवेक्षक ऋण की शत-प्रतिशत वसूली के लिए प्रयास करें।
जिला गन्ना अधिकारी ने बृहस्पतिवार को सहारनपुर गन्ना विकास समिति सभागार में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों, सचिव, प्रभारी गन्ना समितियां और गन्ना पर्यवेक्षकों की संयुक्त बैठक में समितियों द्वारा वितरित ऋणों की समीक्षा की। समीक्षा में नए ऋणों की वसूली तो संतोषजनक मिली, लेकिन समितियों का पुराना ऋण काफी बकाया है। इस पर डीसीओ ने गन्ना पर्यवेक्षकों को बकाया कर्जों की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहकारी गन्ना विकास समितियां अपने सदस्य किसानों को ऋण वितरित करती हैं। इसमें किसानों को उर्वरक, जैव उर्वरक, कीटनाशक आदि उपलब्ध कराए जाते हैं। इस ऋण की वसूली किसान द्वारा आगामी वर्ष में चीनी मिलों को गन्ने की आपूर्ति से की जाती है। उन्होंने कहा कि गन्ना समिति सरसावा के गन्ना पर्यवेक्षक अनंगपाल, राजकुमार और सहारनपुर समिति के गन्ना पर्यवेक्षक मनोज कुमार की ऋण वसूली कार्य काफी असंतोषजनक है। इसकी जांच कराई जाएगी।
-----------------
समितियों का किसानों पर बकाया ऋण (लाख में)
समिति पुराना नया
देवबंद 44.82 17.32
बेहट 511.11 4.49
सरसावा 272.77 38.98
सहारनपुर 285.72 15.95
नानौता 86.39 153.53