सहारनपुर। गौरेया संरक्षण अभियान के तहत टीम पॉजिटिव सहारनपुर की ओर से फर्स्ट स्टैप स्कूल में घर आंगन की चिड़िया गौरेया नाम से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएम की मौजूदगी में चिकित्सकों और प्रधानाचार्यों ने गौरेया को बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम पीके पांडेय, सीडीओ संजीव रंजन, आईएमए अध्यक्ष डॉ. मोहन पांडेय, वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञ डॉ. विवेक बनर्जी, पक्षी विशेषज्ञ डॉ. विनय सेठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उत्तराखंड से आए विशेषज्ञ डॉ. विनय सेठी ने लघु फिल्म प्यासा गंगाजल दिखाकर लोगाें को जगाने की कोशिश की। गौरेया संरक्षण पर अपनी बात रखी। डॉ. विवेक बनर्जी द्वारा ली गई विभिन्न चिड़ियाओं की तस्वीरों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। गौरेया बनाओ-घोंसला पाओ प्रतियोगिता कराई गई, जिसके तहत अनेक लोगों को लकड़ी के बने घाेंसले भेंट किए गए। इससे पहले टीम पॉजिटिव के संयोजक विकास शर्मा ने संस्था द्वारा तीन साल से चलाए जा रहे गौरेया संरक्षण अभियान के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सकों और प्रधानाचार्यों ने गौरेया को बचाने का संकल्प लिया। डॉ. रविंद्र राणा, नवीन सैनी, रविंद्र पंवार, नीरज सैनी, गौरव पाराशर, उवैस, शोएब आदि मौजूद रहे।