ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण कार्य रुकवाया
नानौता (सहारनपुर)। मानकों के अनुरूप सड़क न बनाने का आरोप लगाकर भारीदीनदारपुर के गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा कर निर्माण कार्य बंद करा दिया। मौके पर पहुंचे जेई के साथ ग्रामीणों की कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई।
क्षेत्र के गांव भारीदीनदारपुर में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार सुबह ग्रामीण लोक निर्माण विभाग द्वारा बनवाई जा रही सड़क को देखकर भड़क उठे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि सड़क को मानक अनुरूप नहीं बनाया जा रहा है। मोटी गिट्टी की जगह बहुत बारीक गिट्टी डाली जा रही है। गड्ढों में पत्थर नहीं भरे जा रहे और तारकोल निम्न स्तर का होने के साथ साथ नाममात्र ही प्रयोग किया जा रहा है। इसके चलते सड़क कुछ दिन भी नहीं चल पाएगी।
उन्होंने लोक निर्माण अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत का आरोप लगाकर निर्माण की जांच और कार्रवाई की मांग की। निर्माण कार्य रुकने की जानकारी मिलने पर पहुंचे विभागीय जेई तेजपाल सिंह को ग्रामीणों ने उनसे मानकों के बारे में जानकारी मांगी और इस्टीमेट के बारे में पूछा। इस बात को लेकर जेई और ग्रामीणों में काफी देर तक नोकझोंक होती रही।
ग्रामीणों ने कहा कि जब तक मानक अनुरूप सड़क निर्माण नहीं होगा तब तक सड़क निर्माण नहीं होने दी जाएगी। उधर, ग्रामीणों के बीच घिरे जेई तेजपाल सिंह ने आगे से निर्माण कार्य मानक अनुरूप ही कराए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान ग्राम प्रधान पवन कुमार, सुधीर पुंडीर, अमरदीप रावत, प्रदीप राणा, शुभम राणा, प्रभात राणा, संदीप राणा, सचिन राणा, मोनू राणा, अजय चौहान, संजय राणा, जोनी राणा, अनिल कुमार आदि रहे। उधर, जेई ने कहा कि आरोप मिथ्या है। निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है।