नौरंगपुर में किसानों की 70 बीघा फसल जली
बेहट (सहारनपुर)। हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से गांव नौरंगपुर के आधा दर्जन किसानों की करीब 70 बीघा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। दमकल विभाग की टीम सूचना के करीब दो घंटे देरी से पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
तहसील क्षेत्र के गांव नौरंगपुर निवासी सुरेश कांबोज के खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकाली गई है। रविवार दोपहर करीब दो बजे लाइन के तार टूटकर खेत में खड़ी गन्ने की फसल में गिर गए। इनमें हुई स्पार्किंग से फसल में आग लग गई। रामशरण, मेघ सिंह, पाल्ला, ऋषिपाल, सोमपाल, शोभाराम आदि किसानों की फसलों तक भी आग फैल गई। आग का पता चलने पर किसान मौके पर पहुंचे और दमकल को सूचना दी। करीब दो घंटे बाद दमकल मौके पर पहुंची। काफी समय बाद आग पर काबू पाया जा सका।