बेहट (सहारनपुर)। बृहस्पतिवार को दिल्ली-यमनोत्री हाईवे पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवक घायल हो गए। घायलों को सीएचसी बेहट में भर्ती कराया गया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पहला हादसा कलसिया में बस स्टैंड तिराहे पर हुआ। बेहट के मोहल्ला फूल कालोनी निवासी फिरोज पुत्र गुल्लू किसी काम से कलसिया गया था। जब वह बस स्टैंड तिराहे पर सड़क पार कर रहा था, तो एक प्राईवेट यात्री बस की चपेट में आने से उसकी दोनो टांगें टायरों के नीचे कुचली गई। स्थानीय लोगों ने 100 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को बेहट सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दूसरा हादसा हाईवे पर बेहट एवं कलसिया के बीच वन विभाग की नर्सरी के पास हुआ। रामपुर मनिहारान क्षेत्र के नया गांव निवासी सावन पुत्र सोमपाल, सोनू पुत्र मांगेराम और उनका सहारनपुर निवासी दोस्त आसू एक बाइक पर सवार होकर शाकंभरी देवी जा रहे थे। वन नर्सरी के पास उनकी बाइक सड़क पार कर रही नील गाय से टकरा गई और तीनों बाइक समेत सड़क पर गिरने से गंभीर घायल हो गए। उन्हें पुलिस ने बेहट सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के चलते उन्हें भी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।