ग्रामीण दरों पर बनने शुरू हुए छुटमलपुर के बिजली बिल
छुटमलपुर। लंबे समय से चल रहा छुटमलपुर वासियों का संघर्ष रंग ला गया है। व्यापार मंडल के सहयोग से यहां के उपभोक्ताओं के बिजली बिल ग्रामीण दरों पर बनने शुरू हो गए हैं। इससे छुटमलपुर के करीब साढ़े तीन हजार उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि ग्राम पंचायत होने के बावजूद पावर कार्पोरेशन छुटमलपुर के उपभोक्ताओं से शहरी दरों पर बिजली बिलों की वसूली कर रहा था। इसके विरोध में ज्यादातर उपभोक्ताओं ने बिल देने बंद कर दिए थे। समस्या के निराकरण के लिए व्यापार मंडल द्वारा गंभीरता से प्रयास किए गए। इसके बाद पावर कार्पोरेशन के अफसर यहां के उपभोक्ताओं को ग्रामीण दरों पर बिजली बिल देने को राजी हो गए थे। इस कड़ी में शनिवार को पावर कार्पोरेशन के अधीक्षण अभियंता वीके शर्मा की अगुवाई में लगे कैंप में पहली बार यहां के बिल ग्रामीण दरों पर निकले।
इससे पहले यहां के उपभोक्ताओं को साढे़ चार रुपये प्रति यूनिट का भुगतान करना पड़ रहा था जबकि अब उन्हें पहली डेढ़ सौ यूनिट तक दो रुपये बीस पैसे का भुगतान करना होगा। डेढ़ सौ यूनिट के बाद दो रुपये 95 पैसे का बिल वसूला जाएगा। वीके शर्मा ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने मीटर लगने की तिथि जनवरी 16 के बाद की है और बिल शहरी दरों पर जमा कराया है, उसे नए बिलों में एडजस्ट करा दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने एक सप्ताह के अंदर सभी उपभोक्ताओं की मीटरिंग पूरी करने के निर्देश अधीनस्थों को दिए।
शिविर में उप खंड अधिकारी धर्मवीर सिंह, जेई समय सिंह, पवन कुमार के साथ ही व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश राणा, राव साजिद, प्रमोद भारद्वाज, चौ राजबीर सिंह आदि का सहयोग रहा।