पूजा के लिए जलाए दीपक से सांई मंदिर में लगी आग
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। रसूलपुर पापड़ेकी रोड स्थित साईं मंदिर में बुधवार की रात जलाए गए दीपक से आग लग गई। इसमें साईं बाबा का फोटो फ्रेम एवं पूजा का सामान जलकर नष्ट हो गया। मंदिर में आग लगने की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाबा का फोटो फ्रेम मंगाया और जलने से काली हुई मंदिर की चारदीवारी पर पेंट कराया।
गांव रसूलपुर पापड़ेकी रोड पर स्थित साईं मंदिर में शाम को पूजा अर्चना करने के बाद ग्रामीण जलाए गए दीपक को छोड़कर अपने घरों को चले गए। ग्रामीणों के जाने के बाद उसमें दीपक से मंदिर में आग लग गई। आग में साईं बाबा का फोटो फ्रेम एवं पूजा का सामान जलकर रख हो गया। मंदिर की चारदीवारी और छत धुएं से काली हो गई। सुबह जब ग्रामीण मंदिर गए तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर सीओ सदर ब्रिजेश सिंह एसओ सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाबा का फोटो फ्रेम मंगाया और काली हुई दीवारों एवं छत पर पेंट कराकर स्थिति को पहले जैसे कराया, ताकि कोई अफवाह न फैले।