सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक के दौरान मुजफ्फरनगर के गुड़ कारोबार को बढ़ावा देने और शामली जनपद में पीएसी कैंप की स्थापना को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पीएसी कैंप के लिए बजट मुहैया कराया जाएगा, ताकि जल्दी ही इसका निर्माण शुरू हो सके।
शामली जिले में पीएसी कैंप की स्थापना की मांग काफी समय से चल रही है। शामली जिले के जनप्रतिनिधि इस मांग को उठाते रहे हैं। शनिवार को सहारनपुर सर्किट हाउस बैठक में जब समीक्षा हुई, तो शामली जनपद में पीएसी कैंप की स्थापना को लेकर भी जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के साथ वार्ता हुई। उसमें बताया गया कि पीएसी कैंप के लिए कैराना-कांधला मार्ग पर जमीन देख ली गई है, लेकिन बजट आने का इंतजार है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट मुहैया कराया जाए, ताकि जल्दी ही पीएसी कैंप की स्थापना शुरू हो सके।
इसके अलावा मुजफ्फरनगर के गुड़ कारोबार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुड़ कारोबार से जुडे़ युवाओं को हर संभव मदद की जाएगी। इसे लाइसेंस फ्री कर दिया गया है। एक जनपद-एक उत्पाद में इसे शामिल कर स्वरोजगार में छूट दी जाएगी तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित अन्य योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावा उन्होंने सहारनपुर मंडल के तीनों जनपदों में विधायक निधि से हैंडपंप लगाने में तेजी लाने का निर्देश भी दिया। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र किसानों को लाभ दिलाने, जिनके खाते आधार कार्ड से नहीं जुड़े हैं, उन्हें शीघ्र जुड़वाने और योजना की धनराशि खातों में ट्रांसफर कराने का निर्देश दिया।