बेहट (सहारनपुर)। पिछले दिनों नदी पर पुल, तटबंध एवं मुख्य संपर्क मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर आमरण अनशन करने वाले शाहपुर और हुसैन मलकपुर गांव के लोगों ने शनिवार को पंचायत की। पंचायत में निर्णय लिया कि यदि सहारनपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके गांव के पुल निर्माण की घोषणा नहीं की, तो वह 11 अगस्त से फिर आमरण अनशन पर बैठेंगे। इस बार आमरण अनशन पर बैठने वाले ग्रामीणों की संख्या 100 के पार होगी, क्योंकि पूर्व विधायक महावीर राणा एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने उनका आमरण अनशन इसी आश्वासन पर खत्म कराया था कि उनकी नदी पर पुल निर्माण की घोषणा खुद मुख्यमंत्री सहारनपुर आगमन पर करेंगे।
बता दें कि बरसात का मौसम शाहपुर व हुसैन मलकपुर के ग्रामीणों के लिए खतरे का मौसम होता है, क्योंकि नदी के उस पार बसे यह दोनों गांव बाढ़ के समय टापू बन जाते हैं और इनका अन्य क्षेत्र से संपर्क कट जाता है। बीते वर्ष तो बाढ़ की धार ने इस गांव के संपर्क की पक्की सड़क को भी ध्वस्त कर दिया था। बाढ़ का पानी पिछले साल गांव में भी घुस गया था, जिसके चलते इस वर्ष की संभावित बाढ़ के तो यह गांव मुहाने पर ही आ गए है। खतरे के बारे में यहां के लोगों ने प्रशासन को कई बार चेताया, लेकिन नेताओं व प्रशासन में से किसी ने नहीं सुनी, जिसके चलते 15 जून से पहले क्रमिक व बाद में आमरण अनशन शुरू हुआ। समझाने गए पूर्व विधायक महावीर राणा को भी लोगों ने लौटा दिया। हालात बिगड़ने पर कई अनशनकारी अस्पताल पहुंचाए गए थे। पूर्व विधायक महावीर राणा व एडीएम ने बाढ़ सुरक्षा कार्य तत्काल शुरू कराने व मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के सहारनपुर आगमन पर पुल निर्माण की उनसे घोषणा कराने का आश्वासन दिया था, तब आंदोलन समाप्त हुआ था। मुख्यमंत्री का शनिवार को जिला मुख्यालय पर आगमन हुआ तो इन दोनों गांवों के लोग भी सक्रिय हो गए। प्रधान पति शाहपुर हेमंत राणा की अध्यक्षता में दोनों गांवों की पंचायत हुई। जिसमें प्रशासन को आश्वासन की याद दिलाते हुए ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि यदि मुख्यमंत्री पुल बनाने की घोषणा नही करते है, तो एक अगस्त से नदी किनारे धरना व 11 अगस्त से आमरण अनशन शुरू कर देंगे। इस बार कोई आश्वासन नहीं सुना जाएगा, क्योंकि वह लोग इन्हीं मांगों को पूरा कराने के लिए लोकसभा व विधानसभा चुनाव तक का बहिष्कार तक कर चुके है। पंचायत में सलीम प्रधान, युसूफ, अजय राणा, राजेश शर्मा, इमरान मिर्जा, शिवपाल, राजेंद्र कुमार, मुनफेड अली दिलशाद ,सुनील कुमार ,नौशाद, इसरार, कुर्बान आदि रहे।