सहारनपुर। पहली मेरिट के दाखिलों का शनिवार को अंतिम दिन था। ऐसे में दाखिला पाने के लिए शनिवार को कॉलेजों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। शनिवार को बैंक 12 बजे तक ही खुलने की वजह से अनेक अभ्यर्थी फीस ड्रॉफ्ट नहीं बनवा सके, जिसकी वजह से उनको दाखिले में परेशानी आई। दूसरी मेरिट दो जुलाई को आने की संभावना है।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष के दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। पहली मेरिट पहले 21 जून को जारी की गई थी, जिसमें तकनीकी खामी होने की वजह से विश्वविद्यालय ने रोक लगा दी थी। 27 जून को विवि ने संशोधन के बाद पहली मेरिट लिस्ट जारी की। हालांकि सहारनपुर के महाविद्यालयों के पोर्टल पर मेरिट 28 जून की दोपहर ही शो हुई। इसके बाद पहले दिन कुछ दाखिले भी हुए थे। शनिवार को पहली मेरिट के दाखिलों का अंतिम दिन रहा। इसकी वजह से महाविद्यालयों में दाखिला लेने वालों की भीड़ रही। जेवी जैन कॉलेज में दूसरे दिन तक बीए प्रथम वर्ष में 240, बीएससी प्रथम वर्ष में 95, बीकॉम प्रथम वर्ष में 160 और सेल्फ फाइनेंस कोर्स में 82 दाखिले हुए। महाराज सिंह कॉलेज में भी बीए में दाखिलों की संख्या 100 से अधिक रही। बीएसी मैथ और बायो में भी 100 के आसपास दाखिले हुए। दूसरी मेरिट लिस्ट दो जुलाई को आने की संभावना जताई जा रही है।