ई-रिक्शा के जोन निर्धारण का भी नहीं हो रहा असर
सहारनपुर। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात पाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित किए गए जोन का अभी तक कोई असर नजर नहीं आया है। न तो अंबाला, कोर्ट रोड एवं अस्पताल पुल से ई-रिक्शा का संचालन ही बंद हो सका है और न ही ई-रिक्शा संचालकों ने ई-रिक्शा पर रूट नंबर अथवा रंग ही कराया है। शहर के जाम की समस्या पर कोई सुधार नहीं आ सका।
सहारनपुर शहर को जाम के लिए ई-रिक्शा को जिम्मेदार मानते हुए यातायात पुलिस ने रूटों का निर्धारण किया। ई-रिक्शाओं का अंबाला रोड, कोर्ट रोड एवं अस्पताल पुल पर संचालन को बंद करते हुए इन सड़कों को ई-रिक्शा फ्री जोन कर दिया गया। साथ ही ई-रिक्शा के लिए 10 रूट बनाए गए। इन रूटों पर एक निर्धारित संख्या में ही ई-रिक्शा संचालित कराए जाने का प्लान तैयार किया गया। सभी रूटों पर अलग-अलग रंग के ई-रिक्शा संचालित किए जाने थे। लेकिन इस प्लान का अभी तक कोई असर नजर नहीं आया है। कोर्ट रोड, घंटाघर चौराहा, देहरादून चौक, अंबाला रोड, नेहरू मार्केट, बाजोरिया रोड पर मंगलवार को भी ट्रैफिक जाम रहा।
ई-रिक्शाओं का रंग कराकर नंबर डलवाने होंगे
जोन निर्धारण अभी तक बेअसर नजर आ रहा है। इसका कारण ई-रिक्शाओं पर रूट नंबरों का ना डाल जाना है। रूट तो बना दिए गए हैं, लेकिन न तो अभी तक यह निर्धारित किया जा सका है कि किस रूट पर कितने ई-रिक्शा चलेंगे और न ही रूट नंबर ही डाले गए हैँं। इन ई-रिक्शाओं पर रूट के अनुसार रंग भी कराया जाना है।
समन्वय बनाकर प्लान पर किया जाएगा काम : एसपी यातायात
एसपी यातायात अपर्णा गुप्ता का कहना है कि अभी सिर्फ प्लान तैयार किया गया है। ई-रिक्शा चालकों के साथ बैठक की जा चुकी है। सभी के साथ समन्वय बनाकर ही इस प्लान को अमल में लाया जाएगा। अभी इस पर काफी काम होना बाकी है। कुछ लोग इसको लेकर आपत्ति भी जता रहे हैं। उनके साथ भी बातचीत की जा रही है।