काउंसलिंग की प्रक्रिया से गुजरे 435 शिक्षक
सहारनपुर। जनपद के परिषदीय अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती के लिए मंगलवार को शिक्षकों की काउंसलिंग की गई। तीन दिवसीय काउंसलिंग के पहले दिन 450 शिक्षकों को बुलाया गया था, जिनमें से 435 शिक्षक पहुंचे। काउंसलिंग के साथ-साथ शिक्षकों को विद्यालय आवंटित किए जा रहे हैं।
जनपद में कुल 365 विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम का बनाया गया है। इनमें 251 प्राथमिक और 114 उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। उक्त विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए शिक्षकों से आवेदन मांगे गए थे। 14 जून को लिखित परीक्षा कराई गई थी, जिसमें 1200 शिक्षकों का चयन काउंसलिंग के लिए किया गया है। काउंसलिंग तीन दिन चलनी है। पहले दिन मंगलवार को 450 शिक्षकों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया। चयन समिति ने शिक्षकों की काउंसलिंग की। चयन समिति में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेंद्र कुमार सिंह, डायट प्राचार्य राज सिंह यादव, खंड शिक्षा अधिकारी नागल प्रमोद कुमार और अन्य दो सदस्य शामिल रहे।