गर्मी फुल, बिजली गुल, लोग परेशान
सहारनपुर। मंडल मुख्यालय सहारनपुर की बिजली आपूर्ति सुधरने की बजाय लगातार बिगड़ती जा रही है। चुनाव के बाद से बिजली कटौती बढ़ गई है। शहर में दोपहर में चार घंटे, रात में दो घंटे तक कटौती हो रही है, तो देहात में दस घंटे से भी अधिक का कट लग रहा है, जबकि पारा चरम पर है।
शहर को 24 घंटे सप्लाई दिए जाने के निर्देश हैं, लेकिन कभी फाल्ट के बहाने, तो कभी लखनऊ कंट्रोल के आदेश का बहाना बनाकर शहर में ही चार से छह घंटे बिजली की कटौती की जा रही है। जैन कॉलेज रोड न्यू आवास विकास, नेहरू नगर समेत कई इलाकों में शनिवार, रविवार के बाद सोमवार को फिर दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक कटौती कर दी गई, जबकि इस बीच पारा चरम पर रहता है। रविवार रात घंटाघर बिजलीघर से तीन बजे बिजली कटौती कर दी गई और सुबह पांच बजे के बाद सुचारु की गई। कटौती भी उस समय हो रही है जब दोपहर में गर्मी चरम पर होती है या फिर रात में जब लोग नींद में होते हैं। देहात क्षेत्र की बिजली और भी बदतर हो चुकी है। देहात क्षेत्र में दस-दस घंटे की कटौती की जा रही है। बताया जा रहा है कि गर्मी के तेवर बढ़ने के साथ ही बिजलीघरों पर लोड बढ़ रहा है।
------
बिजली के तार बदले जा रहे हैं : कंट्रोल रूम
कंट्रोल रूम पर मौजूद कर्मचारी का कहना था कि उन्हें बताया गया कि बिजली की लाइन पर काम होना है। इसलिए चार घंटे का शट डाउन लिया गया है। रविवार को भी काम किया गया था और शनिवार को भी काम हुआ था।
लखनऊ कंट्रोल के निर्देशों पर हो रही है कटौती : एक्सईएन
अधिशासी अभियंता एके वर्मा का कहना है कि ट्रांसफार्मरों पर लोड अधिक है। लखनऊ कंट्रोल रूम से निर्देश हैं दोपहर में बिजली कटौती करने के लिए। जिस कारण जिन ट्रांसफार्मरों पर लोड अधिक है, उन्हें दोपहर में बंद कराया जा रहा है। इसके लिए फीडर की सप्लाई ही बंद की जा रही है। यह अलग-अलग फीडरों पर बारी-बारी से किया जा रहा है।
---
ट्रांसफार्मर बदलवाया गया : एसडीओ
हकीकत नगर उपकेंद्र के एसडीओ पवन कुमार का कहना है कि रविवार को केबल बदलवाई गई थी और सोमवार को ट्रांसफार्मर बदलवाया गया था। जिस कारण दोपहर में शट डाउन लेकर कार्य किया गया।