डंपर से टकरा बाइक सवार युवक की मौत
छुटमलपुर (सहारनपुर)। देहरादून हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हालांकि परिजन उसे जिंदा होने की उम्मीद के चलते सीएचसी लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को घर ले गए।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर कलां का 35 वर्षीय सलमान पुत्र निसार बाइक से सोमवार दोपहर चार बजे छुटमलपुर आ रहा था। गांव से निकल कर जैसे ही वह हाईवे पर छुटमलपुर की तरफ चला तो पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह नीचे आ गिरा और सिर सड़क पर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर को भगा ले गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर सीएचसी फतेहपुर आए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को अपने साथ घर ले गए।