सहारनपुर। पेट्रोल पंपों पर लगीं गिलबारको डिस्पेंसिंग यूनिट्स में छेड़छाड़ होने की आशंका के चलते बांट-माप विज्ञान विभाग की टीम ने शहर के 12 पेट्रोल पंपों पर छापामारी की। दो पेट्रोल पंपों पर यूनिट चलती हुईं मिलीं। इन यूनिट्स को प्रतिबंधित करते हुए सील कर दिया गया।
शुक्रवार को जिला बांट माप विज्ञान अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने शहर के पेट्रोल पंपों पर छापामारी की। टीम ने शिव शक्ति किसान सेवा केंद्र, ब्रिज सर्विस स्टेशन, प्रकाश ट्रेडर्स अंबाला रोड, श्री साईं बेहट रोड, स्वास्तिक सर्विस स्टेशन, क्वालिटी फ्यूल्स, प्रकाश ट्रेडर्स कैलाशपुर, बग्गा मोटर स्टोर्स अंबाला रोड, जगन्नाथ एंड कंपनी कोर्ट रोड समेत 12 पेट्रोल पंपों पर चेकिंग की गई। राजेश कुमार ने बताया कि जांच के दौरान प्रकाश ट्रेडर्स अंबाला रोड तथा ब्रिज सर्विस स्टेशन पर एक-एक गिलबारको डिस्पेंसिंग यूनिट्स लगी हुई मिलीं। जिन्हें प्रतिबंधित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि सहारनपुर में कुल 97 पेट्रोल पंप हैं। उन्होंने कहा कि सभी गिलबारको की वह मशीनें बंद होंगी, जिनमें सॉफ्टवेयर के माध्यम से छेड़छाड़ की जा सकती है। जिला बांट माप विज्ञान अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि 2016 तक के मॉडल वाली डिस्पेंसिंग यूनिटें जीवीआर कंपनी की प्रतिबंधित की जा रहीं हैं। हापुड़ में 13 मई को सॉफ्टवेयर टेंपरिंग के जरिए तेल की घटतौली पकड़े जाने के बाद इन यूनिटों से तेल की सप्लाई पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि इन यूनिट्स का सॉफ्टवेयर टेंपर करना आसान है। एक तार बदलकर ही टेंपरिंग की जा सकती है। चेकिंग करने वाली टीम में आनंद प्रकाश, जनार्दन सिंह, इंडियन ऑयल कंनी के बिक्री अधिकारी मयंक गोयल भी शामिल रहे।