सहारनपुर। ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता 25 मई से भूतेश्वर इंटर कॉलेज मैदान पर शुरू हो रही है। प्रतियोगिता में कई राज्यों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 51 हजार और उप विजेता टीम को 25 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बुधवार को आयोजकों की बैठक हुई।
प्रतियोगिता में इटावा, बुलंदशहर, कानपुर, मेरठ, गाजियाबाद, बरेली, मुजफ्फरनगर, देहरादून, रुड़की, करनाल, पानीपत, दिल्ली, भोपाल आदि की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। ज्यादातर टीमें एक दिन पहले ही सहारनपुर पहुंच जाएंगी, जिनके ठहरने की व्यवस्था बेहट रोड पर की गई है। प्रतियोगिता का उद्घाटन 25 मई की पूर्वाह्न 11 बजे महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता में मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और मैन ऑफ द मैच आदि पुरस्कार भी दिए जाएंगे। राजीव गोयल ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मैदान पूरी तरह तैयार है। बैठक में रणधीर कपूर, कार्तिक चौहान, संजय शर्मा, लोकेश दीक्षित, भूपेंद्र कच्छल आदि मौजूद रहे।
क्रिकेट के समर कैंप की शुरूआत
सहारनपुर। भूतेश्वर इंटर कॉलेज मैदान पर क्रिकेट का समर कैंप बुधवार से शुरू हुआ। शिविर का उद्घाटन राजकुमार राजू ने रिबन काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत करते हुए अपनी खेल प्रतिभा में सुधार लाने के लिए प्रेरित किया। शिविर 22 मई से 30 जून तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में नवोदित खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान रणधीर कपूर, राजीव गोयल, कंवलजीत सिंह, नीरज गोयल, अवनीश सैनी, अर्जुन आदि मौजूद रहे।