वंचितों को एकजुट करने का है मकसद : चंद्रशेखर
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। भीम आर्मी एकता मिशन के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनके संगठन का मकसद अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों, मुस्लिमों, पिछड़े, वंचितों को एकजुट कर उन्हें न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
यहां मुहल्ला इकराम में सोमवार देर रात आयोजित भीम आर्मी कार्यकर्ताओं एवं अनुसूचित वर्ग के लोगों की बैठक में चंद्रशेखर ने कहा कि कुछ लोग मुस्लिमों को हीन समझकर उनको निशाना बनाने की कोशिश करते हैं। अब भीम आर्मी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि जंगे आजादी में मुस्लिमों की कुर्बानी को कोई भूला नहीं सकता। उन्होंने आह्वान किया कि चाहे एक रोटी कम खानी पड़े, अपने बच्चों को अच्छी और उच्च शिक्षा दिलाने का काम करें। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक देश है जो संविधान से चलेगा। यदि कोई संविधान से छेड़छाड़ करेगा, उसे सहन नहीं किया जाएगा। इस मौके पर विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष रोहित राज गौतम, सुंदरलाल, हाजी नासिर, विनय कुमार, तैय्यब, राजेश मैनवाल, राजन, संदीप कुमार, भरत राज गौतम आदि रहे।