सहारनपुर। सर्दियों का मौसम, परीक्षाओं का सीजन और ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते तीन माह से यात्रियों की संख्या में कमी आई है। रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक बीस प्रतिशत तक यात्री कम हो गए हैं। जिससे रेलवे को काफी नुकसान हो रहा है।
दिसंबर से शुरू हुई कड़ाके की सर्दी ने रेल यात्रियों की संख्या में कमी कर दी है, उस पर अब परीक्षाएं चल रहीं हैं। यूपी बोर्ड, सीबीएसई तथा आईसीएसई की परीक्षाएं शुरू हो चुकीं हें, जबकि स्नातक एवं स्नातकोत्तर की परीक्षाएं भी बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रहीं हैं। ऐसे में पर्यटन स्थलों, पहाड़ी इलाकों, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के लिए यात्री काफी कम रह गए हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक 15 से बीस प्रतिशत तक पिछले तीन माह से यात्रियों की संख्या कम चल रही है। ऐसे में रेलवे को काफी नुकसान हो रहा है। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार प्रतिदिन लगभग 25 हजार यात्रियों का स्टेशन पर आवागमन होता है। लेकिन तीन माह से इसमें कमी आई है। यहां तक की आरक्षित टिकटों के लिए भी फिलहाल अधिक मारामारी नहीं रही है।
वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या घटी
परीक्षाओं के मौसम के चलते धार्मिक स्थलों पर भी लोग कम ही जा रहे हैं। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद से श्रद्धालुओं ने फिलहाल तो वैष्णो देवी जाने का ख्याल ही छोड़ दिया है। हालांकि जिनके पहले से ही रिजर्वेशन हैं, सिर्फ वे ही जा रहे हैं, जबकि अन्य लोग माहौल शांत होने का इंतजार कर रहे हैं।
इस मौसम में कम हो जाते हैं यात्री
सहारनपुर रेलवे स्टेशन अधीक्षक कपिल शर्मा का कहना है कि सर्दी और बोर्ड परीक्षाओं के चलते इस समय यात्रियों की संख्या बीस प्रतिशत तक कम हो जाती है। आतंकी हमले का भी कुछ असर हो सकता है। लेकिन यह स्थिति लगभग हर साल ही हो जाती है।