सहारनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने बिहारीगढ़ क्षेत्र के एक कॉलेज प्रबंधन पर छात्रों का शोषण करने का आरोप लगाया है। जिलाधिकारी से मांग की गई है कि मामले में जांच कराकर कार्रवाई कराई जाए।
बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे एबीवीपी के जिला संयोजक सन्नी सैनी, जिला संपर्क प्रमुख मोहित पंडित, महानगर मंत्री अंकित सैनी, पूर्व जिला संयोजक अमरदीप कोरी ने बताया कि बिहारीगढ़ क्षेत्र के कॉलेज में बी फार्मा के विद्यार्थियों से प्रतिवर्ष कॉलेज सिक्योरिटी फीस ली जा रही है, जबकि यह फीस सिर्फ एक बार ली जानी चाहिए। वहीं, शासन से मिलने वाली शुल्क प्रतिपूर्ति और विद्यार्थियों से ली जा रही फीस में भी काफी अंतर है। उनकी मांग है कि कॉलेज में शुल्क प्रतिपूर्ति, छात्रवृत्ति और कॉलेज सिक्योरिटी फीस के रूप में जमा कराई जा रही धनराशि की जांच कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों का उत्पीड़न न होने पाए और शोषण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो सकें। इस दौरान कमल कुमार, आशीष, अभिलाषा, विपिन कुमार, शुभम कुमार, आशु, अंकुर, अंकित, अर्जुन आदि ने आरोप लगाया कि प्रैक्टिकल के नाम पर भी विद्यार्थियों से वसूली की जा रही है।