सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल को सीटी स्कैन मशीन के लिए लाइसेंस मिल गया है। इसके बाद अधिकारी उत्साहित हैं। संभवत: सप्ताह भर में रोगियों को इस सुविधा का फ्री लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
सीटी स्कैन के लिए मशीन जिला अस्पताल में स्थापित कर दी गई है। मुंबई से लाइसेंस जारी नहीं होने की वजह से सुविधा शुरू नहीं हो पा रही थी, मगर अब लाइसेंस जारी कर दिया गया है। जिसके बाद सप्ताह भर में सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सीएमएस डॉ. एसके वार्ष्णेय ने बताया कि सीटी स्कैन के लिए लाइसेंस जारी हो चुका है। उन्होंने बताया कि एक प्राइवेट कंपनी के द्वारा सिटी स्कैन की सेवा लोगों को दी जाएगी। सीटी स्कैन के संचालन के लिए स्टाफ भी कंपनी का ही रहेगा। सीटी स्कैन की सेवा पूरी तरह फ्री होगी। लोगों के सीटी स्कैन के खर्च का भुगतान प्रदेश सरकार कंपनी को करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सीटी स्कैन उन्हीं लोगों का होगा, जिन्हें जिला अस्पताल का डॉक्टर लिखेंगे। बाहर के डॉक्टर द्वारा लिखने पर सीटी स्कैन की सुविधा नहीं मिलेगी।