सहारनपुर। सिरफिरे के हमले में घायल हुई छात्रा की मदद के लिए पुलिस आगे आई है और थाना कुतुबशेर पर तैनात पुलिस कर्मियों ने एक-एक दिन का वेतन उसके परिजनों को दिया है। परिजनों ने इसके लिए पुलिस का आभार जताया है।
गत तीन दिसंबर को गांव उनाली में स्कूल जा रही कक्षा नौ की छात्रा पर एक सिरफिरे ने गोली मार दी थी।इस मामले में आरोपी दीपक उर्फ दीपू को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। छात्रा के दोनों पैरों में गोली लगी थी और उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से इलाज कराने में परिजनों को दिक्कत आ रही है। इसको देखते हुए थाना कुतुबशेर की मानकमऊ चौकी इंचार्ज राधेश्याम ने थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों से उसके परिजनों को एक दिन का वेतन देने का प्रस्ताव रखा था। सीओ ने स्वयं पहल करते हुए अपना एक दिन का वेतन देकर इसकी शुरूआत की। इसके बाद इंस्पेक्टर मुनेंद्र सिंह सहित थाने के स्टाफ ने अपना एक दिन का वेतन दिया। रविवार को छात्रा के पिता को 27 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई।