सहारनपुर। स्वच्छ भारत प्रतिस्पर्धा 2018 के लिए बनाए गए मानकों के आधार पर जनपद की सभी नगर पंचायतों और पालिकाओं के वार्डों के बीच स्वच्छता प्रतिस्पर्धा होनी है। वार्डों की रैंकिंग के लिए प्रत्येक नगर पंचायत और पालिका के लिए अलग-अलग समिति का गठन किया गया है।
समिति गठन के लिए चार दिसंबर को ही शासन से आदेश जारी किया गया था, जिसके अनुपालन में डीएम आलोक कुमार पांडेय ने बुधवार को ही समितियों का गठन कर दिया। नगरायुक्त प्रत्येक समिति के अध्यक्ष बनाए गए हैं। उनके अलावा अधिशासी अधिकारियों, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों और सफाई निरीक्षकों आदि को सदस्य बनाया गया है। प्रत्येक समिति में चार लोग रखे गए हैं, जिनमें एक अध्यक्ष, एक सदस्य सचिव और दो सदस्य रखे गए हैं। समितियां वार्डों द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए प्रदर्शन के आधार पर उनका मूल्यांकन करेंगी। उधर, डीएम आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि स्वच्छ भारत प्रतिस्पर्धा 2018 के तहत वार्डों के बीच प्रतिस्पर्धा चल रही है, जिसके मूल्यांकन के लिए समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने समितियों को गंभीरता के साथ मूल्यांकन करने के निर्देश दिए।