सहारनपुर। महाराणा प्रताप भवन पर कार्यक्रम का आयोजन करने पहुंचे करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। भवन पर ताला लगा हुआ था, जिस कारण कार्यकर्ताओं में नाराजगी पैदा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करणी सेना के पदाधिकारियों को भवन से हटा दिया। बाद में दूसरे भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया।
सोमवार को करणी सेना के कार्यकर्ता जिला इकाई के गठन के लिए महाराणा प्रताप भवन पर पहुुंचे। भवन पर ताला लगा हुआ देख पदाधिकारियों ने जिला राजपूत सभा के पदाधिकारियों को कॉल करके ताला खुलवाए जाने की मांग की। जिससे लोग महाराणा प्रताप भवन में कार्यक्रम कर सकें। जिलाध्यक्ष राजन सिंह राणा ने आरोप लगाया कि राजपूत सभा के पदाधिकारियों ने ताला खुलवाने से इंकार कर दिया।
जिस पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने राजपूत सभा के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हंगामा कर रहे युवकों को महाराणा प्रताप भवन से हटाया। जिस पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने रोष जताया। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज का है, किसी एक संगठन का नहीं है। यहां कार्यक्रम के आयोजन का सभी को अधिकार है। नागेंद्र राणा ने युवाओं प्रति रवैये को लेकर नाराजगी जताई। विशाल राणा ने राजपूत समाज से राजपूत सभा को भंग किए जाने की मांग की। इस मौके पर अमित राणा, भीम राणा, सोनू राणा, सुधीर राणा, राजू राणा, अरुण राणा, काका राणा, अंकुश राणा, विक्रम राणा, चीकू राणा, सागर राणा, राहुल राणा, प्रिंस राणा, आकाश राणा, गौरव राणा मौजूद रहे।
----------------
-- करणी सेना से राजपूत सभा का कोई संबंध नहीं
जिला राजपूत सभा के महामंत्री धर्मवीर सिंह का कहना है कि करणी सेना से राजपूत सभा का कोई संबंध नहीं है। करणी सेना अलग संगठन है। करणी सेना अपने कार्यालय पर ही अपना कार्यक्रम करे। रविवार को कुछ पदाधिकारी उनके पास पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अभी महाराणा प्रताप भवन पुलिस संरक्षण में है। कुछ समय पहले तक पीएसी का शिविर लगा हुआ था। फिललहाल उन्होंने ताला डाल दिया है।
------------
-- करणी सेना की जिला इकाई घोषित
सहारनपुर। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष राजन सिंह राणा ने जिला इकाई की घोषणा की। जिसमें अर्जुन सिंह राणा को जिला महासचिव, मोहित राणा को महानगर अध्यक्ष, विकास राणा, दिलावर राणा को जिला संरक्षक, सचिन राणा, अरुण राणा को जिला उपाध्यक्ष, रोहित राणा, अमित राणा को जिला सचिव तथा संग्राम सिंह राणा को मीडिया प्रभारी बनाया गया। इसके अलावा विधान सभा अध्यक्षों की भी घोषणा की गई। जिसमें शेखर राणा को रामपुर, कमल राणा को देवबंद, अर्पित राणा को बेहट, अंकित राणा को गंगोह तथा रजत राणा को सहारनपुर देहात का अध्यक्ष बनाया गया। जबकि शक्ति राणा को सहारनपुर देहात विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया।