यूपी में ब्लड जांच की फीस अब होगी मुफ्त
सहारनपुर। योगी सरकार दीपावली से पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों के लिए मुफ्त ब्लड जांच का तोहफा दे सकती है। अक्तूबर के अंत तक जांच फीस फ्री होने का शासनादेश जारी होने की उम्मीद जताई जा रही हैं। अब तक ब्लड की जांच के लिए मरीज के तीमारदारों से चार सौ रुपये प्रति यूनिट प्रोसेसिंग फीस ली जाती है। फिलहाल प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पाएगा।
सरकारी अस्पताल में भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले ब्लड की जांच के लिए ब्लड बैंक (सरकारी) द्वारा प्रति यूनिट चार सौ रुपये प्रोसेसिंग फीस ली जाती है, जबकि प्राइवेट अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए यह फीस 1050 रुपये निर्धारित हैं। ब्लड बैंक द्वारा पहले पांच तरह की जांच एचआईवी, हेपेटाइटिस बी और सी के अलावा मलेरिया, सिफलिस की जांच की जाती है। ब्लड बैंक जांच के मानकों पर खरा उतरने के बाद ही मरीज के लिए ब्लड जारी करता है। वैसे थैलीसीमिया, एचआईवी, एनीमिया, दुर्घटना और जेल के बंदियों के लिए ब्लड जांच की किसी तरह की प्रोसेसिंग फीस नहीं ली जाती हैं। अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों के लिए ब्लड जांच फीस मुफ्त करने की मांग लंबे समय से उठ रही है। योगी सरकार सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों को प्रोसेसिंग फीस से राहत देने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग को प्रोसेसिंग फीस फ्री होने की गाइड लाइन मिल गई है। सरकार दीपावली से पहले प्रदेश के लोगों को प्रोसेसिंग फीस के बोझ से मुक्त कर सकती हैं।
----
सरकारी अस्पतालों में भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले रक्त जांच की प्रोसेसिंग फीस को सरकार फ्री करने जा रही है। गाइड लाइन तो मिल गई है। अब तक जो जानकारी मिल रही है कि यह सुविधा सिर्फ सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों के तीमारदारों को ही मिलेगी। प्रोसेसिंग फीस फ्री करने के लिए विभाग को शासनादेश का इंतजार है। शासनादेश मिलते ही नई व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा।
---एके दुआ, अपर महानिदेशक स्वास्थ्य सहारनपुर।