गंगोह (सहारनपुर)। पानी की निकासी नहीं होने से गांव की मुख्य सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। जिससे स्कूली बच्चों व राहगीरों के लिए पैदल तक निकलना दूभर हो गया है। ग्राम उम्मेदगढ़ में पानी की निकासी नहीं होने से सड़क में दलदल हो गई है। जिससे आए दिन वाहनों का कीचड़ में धंसना आम बात हो गई है। दूसरी ओर इसी मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय, शिव मंदिर व आंगनबाड़ी सेंटर भी है। जिससे बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिवरात्रि पर श्रद्धालु शिव मंदिर में जाने के लिए दूसरे रास्तों से शिव मंदिर पहुंचे। दूसरी ओर इस रास्ते में रोज गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली धंस रही है। जिससे मुश्किल से उनको दूसरे ट्रैक्टर का सहारा लेकर बाहर निकलवाना पड़ता है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रमेश चंद सैनी का कहना है कि गांव में नाली निर्माण कराया जा रहा है। जिससे जल्द ही उक्त समस्या का समाधान हो जाएगा। इसके विपरीत अन्य ग्रामीणों का कहना है, कि नाली निर्माण सही ढंग से नहीं किया गया है। जिससे कुछ घरों का पानी सड़क पर आ रहा है। ग्रामीणों ने डीएम व लोकनिर्माण विभाग अधिकारियों से भी शिकायत की है। मगर अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया है। ग्रामीणों ने एक बार पुन: डीएम से समस्या के समाधान की गुहार लगाई है।