सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय के निर्देशन में अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा व जुगाड़ वाहनों के विरुद्ध परिवहन, नगर निगम व पुलिस विभाग का संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत पकड़े गए ऐसे अवैध वाहनों को ‘डिस्मेंटल’ किया जाएगा। जनपद में वर्तमान में मात्र 1100 ई-रिक्शा ही पंजीकृत है।
संभागीय परिवहन अधिकारी लक्ष्मीकांत मिश्र ने कहा कि जनपद में बड़ी संख्या में अवैध ई-रिक्शा व जुगाड़ संचालित हो रहे हैं। इससे जनपद की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। साथ ही इन वाहनों चालकों के पास कोई वैध लाइसेंस भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टिगत अपंजीकृत ई-रिक्शा व अनाधिकृत संचालित ई-कार्ट के विरुद्ध परिवहन, नगर निगम व पुलिस विभाग के अभियान के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे अनधिकृत रूप से निर्मित व स्थानीय स्तर पर बनाए गए वाहनों को नष्ट किया जाएगा। उन्होंने अनधिकृत रूप से निर्मित व स्थानीय स्तर पर बनाए गए ई-रिक्शा व जुगाड़ के मालिकों व चालकों का आह्वान किया है कि वे ऐसे वाहनों का संचालन तत्काल बंद कर दें। उन्होंने अपंजीकृत ई-रिक्शा के मालिकों व चालकों को भी निर्देश दिया है कि वे तत्काल अपने ई-रिक्शा का पंजीयन परिवहन विभाग में करा लें।