राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस पर छात्रों ने रैली निकाली
देवबंद (सहारनपुर)। श्री रामकृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को 8 वां राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस धूमधाम से मनाया गया। छात्रों ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
स्कूल प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता भी कराई गई। साथ ही विद्यालय परिवार को मतदान करने हेतु शपथ दिलाई गई। छात्रों ने लघु नाटिका व अन्य कार्यक्रमों की प्रस्तुति उपरांत विभिन्न स्लोगन लिखे बैनर हाथों में लेकर मतदाता जागरूकता रैली निकाली। एसडीएम रामविलास यादव, तहसीलदार परमानंद झा और सीओ सिद्धार्थ सिंह ने मतदान के महत्व को बताया। इस मौके पर प्रधानाचार्य अरुण कुमार गोयल, अरुण कांति चक्रवर्ती, ममता वर्मा, राधेश्याम राणा, अनीता आदि मौजूद रहे। उधर, ठाकुर कृपाल सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज रणखंडी में राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली में अंकित, पूजा, अंशिका, प्रीति, सलोनी, गुलअफशां ने सुंदर बैनर तैयार किए। द्वितीय सत्र में पोस्टर प्रतियोगिता व हस्तशिल्प कला का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शिवानी प्रथम, अंशिका द्वितीय व अंकित तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर मेहंदी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जिसमें छात्राओं ने हाथों पर मेहंदी के विभिन्न डिजाइन सजाए। कार्यक्रम अधिकारी डा. शीबा व प्राचार्य डा. अनिल कुमार ने विचार रखे। इस मौके पर मीनाक्षी, गरिमा, डा. सीताराम, विकास, सुरेखा, मनीषा, ज्योति, मनोज, अश्वनी, संजीव आदि रहे।