बागवानों को दिए फ्रूट फ्लाई नियंत्रण के टिप्स
सहारनपुर। आम के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए उद्यान विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र जिले में संयुक्त रूप से अभियान चला रहे हैं। वे फलों के निर्यात में आने वाली सबसे बड़ी बाधा फ्रूट फ्लाई पर नियंत्रण के लिए बागवानों को प्रशिक्षित कर रहे हैं।
मंगलवार को ग्राम खेड़ा अफगान में अमीर खान के फार्म पर आयोजित कार्यक्रम में आम उत्पादकों को प्रशिक्षित किया गया। केवीके प्रभारी डॉ. सत्यप्रकाश ने कहा कि जिले में आम के करीब 26 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में आम के बाग हैं। जिसमें मुख्यतया लंगड़ा, दशहरी और चौसा प्रजातियों हैं, लेकिन फ्रूट फ्लाई के प्रकोप और फलों में कालापन आने के कारण समुचित मात्रा में निर्यात नहीं हो पाता। इससे बचाव के लिए मिथाइल यूजीनॉल ट्रेप प्रति हेक्टेयर में 8 से 10 लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इसको 35 से 40 दिन बाद बदल देना चाहिए। हैदराबाद से आए सहायक वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर गुप्ता, सह निदेशक फसल सुरक्षा डॉ. आईके कुशवाहा जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार, डॉ. अशोक कुमार, तरुण सिंघल आदि ने भी विचार रखे।