सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया। भारी पुलिस बल साथ रहा, जिसकी वजह से कॉलोनाइजर चाहकर भी विरोध नहीं कर सके।
मानकमऊ क्षेत्र में रजवाहा पटरी पर तीन लोगों द्वारा दस बीघा जमीन पर कॉलोनी काटी गई है। इस पर मिट्टी भराई और डिमार्केशन का कार्य कराया गया है। प्राधिकरण की जांच में कॉलोनी अवैध पाई गई थी। कॉलोनी 16 जनवरी को ध्वस्त की जानी थी, मगर पुलिस बल नहीं मिला। ऐसे में 17 जनवरी को कॉलोनी को ध्वस्त किया गया। दूसरी कॉलोनी नवादा रोड पर करीब पांच बीघा जमीन पर काटी जा रही है। प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को उक्त कॉलोनी को भी ध्वस्त किया। तीसरी कॉलोनी गंगोह रोड पर बड़ी नहर के पास ध्वस्त की गई। यह कॉलोनी 30 बीघा जमीन पर काटी गई थी। ध्वस्तीकरण करने वाली टीम में सचिव सत्यप्रकाश शर्मा, एसई रायजादा, एई एपीएन सिंह, जेई रोहित पाठक, मेट और पुलिस बल साथ रहा। सचिव सत्यप्रकाश शर्मा ने ध्वस्तीकरण कार्रवाई की पुष्टि की।
बड़े अवैध निर्माणों को नहीं छेड़ रहा प्राधिकरण
विकास प्राधिकरण पिछले करीब 20 दिन से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर रहा है। इसमें 45 गज तक के मकानों को ध्वस्त किया गया है। मगर हैरान करने वाली बात यह है कि बड़े अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करने से अधिकारी बच रहे हैं। इसका बेहतर उदाहरण कोर्ट रोड पर एसबीआई की बगल में हुआ निर्माण है। हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद प्राधिकरण इस निर्माण को छूने तक की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। वीसी भी मानते हैं कि निर्माण अवैध है, मगर कार्रवाई करने के मामले में मौन हैं। इसके अलावा दिल्ली रोड पर एक अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए कई महीने पहले आदेश जारी हो चुके हैं। मगर कार्रवाई आज तक नहीं हो सकी। ऐसे में सवाल यह है कि क्या सभी कायदे और कानून आम आदमी के लिए हैं।
कोर्ट रोड या दिल्ली रोड पर जिन अवैध निर्माणों पर कार्रवाई न होने की बात कही जा रही है, उन पर प्राधिकरण की पैनी नजर है और कार्रवाई होना तय है। जिनपर अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है, उनकी फाइल चल रही है और डेट लगी हैं।
मनोज कुमार, वीसी, एसडीए।