सहारनपुर। सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के आईटीआई के सामने दिल्ली रोड से लापता हुई बच्ची का शव पुलिस ने घर के निकट स्थित नाले से बरामद कर लिया है। संभवत: बच्ची खेलते-खेलते नाले में जा गिरी और डूब गई।
मंगलवार की शाम को आईटीआई के निकट रहने वाले पंकज की चार साल की बेटी गुरुवाणी घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। रात लगभग 9 बजे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू करा दी। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के घरों में गुरुवाणी को तलाश किया। कई घर में जाकर लोगों से पूछताछ की। डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंची। बताया जा रहा है कि खोजी कुत्ता दो घरों में घुस गया। जिस पर पुलिस ने दोनों मकानों का चप्पा-चप्पा छान मारा। काफी सख्ती से पूछताछ की गई। फिर भी कुछ नहीं मिला। सदर कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा ने पुलिस टीम के साथ आसपास के जंगली इलाके में छानबीन की। लेकिन कुछ भी हाथ नहीं आया। खोजी कुत्ते भी इधर से उधर दौड़ लगाते रहे और पुलिस पीछे-पीछे भागती रही।
पुलिस क्षेत्राधिकारी मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि सबसे अधिक संदेह नाले को लेकर हुआ। नाला पंकज के घर के सामने है। जिस पर कोई बड़ी पटरी नहीं है। नाले में गिरने की आशंका के मद्देनजर नाले में तलाशी शुरू कराई गई। नाला गहरा देख नगर निगम से नाला सफाई की मशीनें मंगवाई गईं। नाले का पानी दोनों ओर से रुकवाया गया और फिर नाले की सफाई कराई गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब दो बजे मासूम गुरुवाणी नाले की तलहटी में मृत अवस्था में मिली। उसका शरीर पूरी तरह से अकड़ चुका था। मासूम की स्थिति को देख हर कोई दहल गया। बच्ची का शव बरामद होने से परिवार में हड़कंप मच गया। मासूम बच्ची को देखकर हर कोई रो पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि संभवत: बच्ची घर के सामने खेलते-खेलते नाले में गिर गई। उस समय कोई उसे देख नहीं पाया।