सड़कों की सुरक्षा और बाईपास का निर्माण कराए जाने की मांग
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ने सहारनपुर में बाईपास का निर्माण कराए जाने, हाईवे पर सुरक्षा के इंतजाम कराए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर परिवहन मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
फेडरेशन के अध्यक्ष ब्रित चावला के नेतृत्व में लोग जनमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे और उन्होंने परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वतंत्र देव सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि सहारनपुर की सीमाएं हरियाणा, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड से मिलती हैं तथा दिल्ली भी काफी नजदीक है। इसके अलावा राजस्थान एवं जम्मू-कश्मीर का सारा यातायात सहारनपुर के बीचों बीच अति व्यस्ततम मार्ग घंटाघर से होकर गुजरता है। जिससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सहारनपुर में रिंग रोड, बाईपास की योजना काफी समय पहले बन चुकी है, लेकिन कार्य अब तक नहीं हो पाया है। सहारनपुर से ट्रांसपोर्टरों को सड़क सुरक्षा परिषद की बैठकों में नहीं बुलाया जा रहा, जिससे समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा। परिवहन कार्यालय में कोई आगंतुक कक्ष नहीं है, जिससे व्यवसायी को सम्मान प्राप्त हो सके और अपने कार्य कराने के लिए बैठकर इंतजार कर सके। विलंब शुल्क एवं अन्य जुर्मानों की धनराशि में बेतहाशा वृद्धि की गई है जो अन्यायपूर्ण है। इन्हें तर्क संगत बनाया जाए। रात में मार्गों पर सुरक्षा के समुचित इंतजाम कराए जाएं।
ज्ञापन देने वालों में शेख जहांगीर आलम, विक्रांत सैनी, संयम कक्कड़, सरदार दीदार सिंह सेठी शामिल रहे।