बस के माध्यम से जोड़े गए देवबंद व हरिद्वार के धार्मिक स्थल : विधायक
देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद से हरिद्वार तक चलने वाली परिवहन निगम की 6 बसों के संचालन का उद्घाटन शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक ब्रिजेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। सिंह ने कहा कि उन्होंने देवबंद से हरिद्वार के लिए बसें ही नहीं चलवाई बल्कि मां त्रिपुर बाला सुंदरी देवी शक्तिपीठ को मां गंगा से बस के माध्यम से जोड़ा है।
मंगलौर बस स्टेंड पर कार्यक्रम में विधायक ब्रिजेश सिंह ने कहा कि उन्होंने परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के समक्ष दो ही मांग रखी थी। पहली देवबंद में सभी सुविधाओं से युक्त बस स्टेंड और हरिद्वार के लिए न्यूनतम 6 बसों का संचालन। परिवहन मंत्री ने उनकी दोनों ही मांगों को स्वीकार किया। दूसरी मांग में बस स्टेंड के लिए भूमि का चयन शीघ्र किया जाएगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बीडी अग्रवाल ने एसडीएम व सीओ से मांग की कि रुड़की तक चलने वाली बिना परमिट की अवैध बसों का संचालन रोके जाने की मांग की। पूर्व परिवहन अधिकारी महावीर वर्मा ने बताया कि छह बसों के अतिरिक्त सहारनपुर डिपो की 2 बसे गंगोह से नानौता होते हुए हरिद्वार तक तथा रामपुर मनिहारान होते हुए वाया बड़गांव, देवबंद व रुड़की तक 12 अतिरिक्त फेरे चलाए जाएंगे। देवबंद से भायला, नानौता व गंगोह नकुड़ होते हुए 4 बसें अंबाला तक तथा गंगोह से नानौता, देवबंद व बिजनौर होते हुए एक सेवा मुरादाबाद तक चलाई जाएगी। इनके अलावा शुक्रताल जाने वाली सेवा के फेरे को वाया देवबंद से सहारनपुर तक बढ़ाया जाएगा। ये सभी अतिरिक्त बसे 30 जुलाई से नियमित रूप से चलने लगेंगी। समारोह में वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी राजकुमार तोमर, ओमेंद्र सिंह, राजपाल सिंह, गजराज राणा, विपिन भारतीय, पंकज त्यागी, अरुण, विपिन गर्ग, विकास त्यागी, राकेश गांगुली, पवन धीमान, सनोज जुड्डा, आनंद वर्मा, शिवकुमार मौजूद रहे।