जिला अस्पताल में ही मिला एडीज का लार्वा
सहारनपुर। मलेरिया विभाग की ओर से डेंगू की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को जिला अस्पताल के आवासों का निरीक्षण किया। इनमें चिकित्सकों के घर पर ही एडीज मच्छर का लार्वा पनपता मिला। चिकित्सक को नाटिस जारी किया गया हैँ।
जिला स्तरीय टीम के सदस्य मनोज कौशिक, स्वाति राजपूत, आबिद फारूकी, राजेश रोहिला और अमित कुमार ने एसबीडी जिला चिकित्सालय परिसर के उन घरों में भ्रमण किया गया, जिनमें पहले नोटिस दिये गये थे। उनके यहॉ कोई भी बर्तन, कूलर, आदि पानी से भरे नहीं मिले। रामपाल वार्ड ब्वाय, ब्रजपाल वाहन चालक, गोपाल सिंह बिस्ट, सुमित वार्ड ब्याय, शिवकुमार वाहन चालक आदि के यहां कूलर, गमले, फ्रिज की ट्रे में पानी भरा हुआ नहीं पाया गया। एक चिकित्सक के घर के कूलर और एएनएमटी प्रभारी के परिसर में रखे कनटेनर में एडीज का लार्वा मिला। चिकित्सक को नोटिस जारी किया गया है। टीम ने कुल 40 घरों का निरीक्षण किया।
जिन आवासों के मालिकों को नोटिस दिए गए हैं, वहीं पर तीन दिन बाद दोबारा स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंकर निरीक्षण करेगी। यदि उन स्थानों पर लार्वा पाया गया तो भारतीय दंड सहिता की धारा 188 के तहत पॉंच हजार रूपये तक का जुर्माना वसूल कर जिला कोषागार में जमा किया जाएगा।
जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ का कहना है कि जिन घरों में रखे कूलर, फ्रिज की ट्रे आदि में लार्वा मिला है, उनको नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई हैँ। ऐसे स्थानों पर तीन दिनों के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा।