सऊदी गए बेटे की वापसी की मांग
नानौता (सहारनपुर)। सऊदी अरब ले जाए गए एक युवक की सकुशल वापसी की मांग को लेकर उसका पिता थाने पहुंचा। उसने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि रामपुर मनिहारान निवासी एक व्यक्ति उसके बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर सऊदी अरब ले गया था। 19 महीने बीत जाने के बाद भी आरोपी ने उसकी बात बेटे से नहीं कराई है। पीड़ित ने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताई है।
मोहल्ला अफगानान निवासी अब्दुल मलिक पुत्र हाजी शरीफ ने बताया कि करीब 19 माह पूर्व रामपुर मनिहारान निवासी एक व्यक्ति उसके पास आया और उसके बेटे को सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे एक लाख रुपये ले गया। कुछ दिन बाद उक्त व्यक्ति उसे गुमराह करते हुए उसके पुत्र अब्दुल समद को सऊदी अरब में ड्राईवरी की नौकरी लगाने की बात कहकर घर से ले गया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने उसके पुत्र को सऊदी अरब में ड्राईवरी के काम पर न लगाकर किसी अन्य काम पर लगा दिया। तब से फोन पर पुत्र से उसकी बात तक नहीं कराई। आरोप है, कि उक्त व्यक्ति ने उसके पुत्र को अस्पताल में कहीं पर भर्ती करा रखा है और उसके पुत्र को प्रताड़ित कर रहा है। अब आरोपी ने उसकी कॉल रिसीव करनी भी बंद कर दी है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति उसे वापस स्वदेश नहीं आने दे रहा है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई एवं बेटे की स्वदेश वापसी की मांग की है।