कार्तिक पूर्णिमा पर संगम में डुबकी लगा कमाया पुण्य
नानौता (सहारनपुर)। कार्तिक मास की पूर्णिमा के अवसर पर नानौता क्षेत्र के ग्राम कुआं खेड़ा के बाहरी छोर बने गंगा-यमुना के पवित्र संगम पर क्षेत्र व दूरदराज से आए लोगों ने स्नान, दीपदान, हवन, यज्ञ कर पुण्य कमाया। तो वहीं संगम स्थल पर हर बार की तरह प्रशासन की बेरुखी लोगों को जमकर खली।
शनिवार को पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक महत्व के दृष्टिगत काफी संख्या में पहुंचे श्रृद्धालुओं ने मां गंगा की आरती व हर-हर गंगे काजयघोष किया। इस दौरान श्रृद्धालुओं ने मां गंगा की पूजा अर्चना की। लोगों ने विधि विधान के साथ दीपक आदि जलाकर सुख समृद्धि की मनोकामना मांगी।
संगम स्थल पर सुविधाओं से वंचित रहे श्रृद्धालु गण
कुआंखेड़ा संगम क्षेत्र में प्रशासन व सिंचाई विभाग अधिकारियों की बेरुखी का आलम यह है कि आज तक संगम स्थल पर न तो बैठने के लिए कोई कमरा या टीनशेड नहीं बनवाया गया और न ही महिला श्रृद्धालुओं के लिए कोई अतिरिक्त व्यवस्था है। जिसके चलते महिलाओं की वहां स्नान करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बसों से यात्रा कर संगम पर नहाने आने वाले श्रृद्धालुओं को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से करीब छह किमी की दूरी पैदल चलकर पूरी करनी पड़ती है। तथा वापसी भी पैदल ही करनी पड़ती है। प्रशासन द्वारा संगम स्थल पर वाहनों की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई हैं।
नगर व क्षेत्र के मंदिरों में कार्तिकेय की पूजा हुई
कार्तिक पूर्णिमा के दिन सुबह से ही महिलाओं व श्रृद्धालुओं की लंबी लंबी कतारें मंदिरों में देखी गई। जहां पर भगवान कार्तिकेय को तेल से नहलाकर उन्हें प्रसन्न किया गया तथा उनसे मन्नते मांगी गयी। नगर के देवबंद रोड कालोनी, अस्पताल परिसर स्थित, संतोष विहार, गंगोह रोड स्थित नगर के विभिन्न मंदिरों में भारी भीड़ रही।