दुपहिया वाहनों पर हेलमेट के बिना नहीं आ पाएंगे कर्मचारी
सहारनपुर। दुपहिया वाहनों से आने वाले जिला पंचायत राज विभाग के कर्मचारी अब बिना हेलमेट के कार्यालय नहीं आ पाएंगे। हेलमेट न लगाने के कारण हो रहे हादसों के मद्देनजर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने विभागीय कर्मचारियों को हिदायत दी है कि यातायात नियमों का पालन करते हुए ही कार्यालय पहुंचें और सड़क पर भी सुरक्षा का ध्यान रखें।
इन दिनों यातायात माह चल रहा है। एक सप्ताह में ही हेलमेट न लगाने की वजह से सड़क हादसों में 15 लोगों की मौत हुई जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यातायात पुलिस द्वारा गोष्ठियां, प्रतियोगिताएं और रैली निकालकर यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों चालकों पर कार्रवाई भी की जा रही है। लेकिन इसके बावजूद लोग जागरूक नहीं हो रहे हैं। ऐसे वाहन चालकों में काफी संख्या में सरकारी विभागों के कर्मचारी भी हैं जो दुपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट ही कार्यालयों में पहुंचते हैं और अन्य कामकाज भी इसी तरह निपटाते हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार का कहना है कि बढ़ते हादसों को देखते हुए विभाग के सभी कर्मचारियों को हेलमेट लगाने की हिदायत दी गई है। इसके लिए लिखित रूप से जारी किए निर्देश में कहा कि जिला पंचायत राज विभाग के समस्त कर्मचारी दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करेंगे। बिना हेलमेट के कोई भी कर्मचारी दफ्तर नहीं आएगा। अगर कोई कर्मचारी पुलिस की चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट के पकड़ा जाता और चालान होता है तो उसके खिलाफ आदेश का अनुपालन न करने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कर्मचारी का वेतन रोकने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों के कर्मचारी यदि यातायात नियमों का पालन करेंगे तो उनके परिवारों से लेकर अन्य लोगों में भी सड़क पर सुरक्षा के प्रति जागरूकता आएगी।