देवबंद (सहारनपुर)। रेलवे रोड से शुगर मिल तक बनाए जाने वाले फ्लाईओवर को सपा विधायक संजय गर्ग ने भी अनुचित एवं औचित्यहीन बताया है। उन्होंने रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा को पत्र भेजकर फ्लाईओवर को पूर्व में प्रस्तावित रणखंडी रोड से अंबहेटा मार्ग पर निकालने की मांग की है।
सपा विधायक ने रेल राज्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि देवबंद रेलवे स्टेशन से रोजाना सुबह 4.25 बजे से रात्रि 12.45 बजे तक करीब 40 ट्रेनें गुजरती हैं। यात्रियों के स्टेशन आने व जाने का रास्ता रेलवे रोड ही है। स्टेशन के निकट तीन इंटर कॉलेज और चार पब्लिक स्कूल में हैं जिनमें करीब 12 हजार बच्चे पढ़ते हैं। जो बसों व निजी वाहनों से स्कूलों में आते हैं। इनके अलावा आधा दर्जन से अधिक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, सरकारी और प्राइवेट अस्पताल, इंडस्ट्रियल इस्टेट में करीब 50 छोटे व बड़े उद्योग, सहकारी गन्ना विकास समिति, खाद गोदाम, बिजली दफ्तर, टेलीफोन एक्सचेंज, गैस बुकिंग एजेंसी के अलावा 11 आवासीय कालोनियां भी इस मार्ग पर पड़ती हैं, लेकिन उक्त मार्ग पर फ्लाईओवर बन जाने से स्कूली बच्चों, रेल यात्रियों, अस्पताल में आने वाले मरीजों तथा विभिन्न उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। विधायक ने आगे बताया कि पूर्व में प्रस्तावित पुल का मार्ग रणखंडी रोड से अंबहेटा मार्ग किया गया था, लेकिन अब इसे शुगर मिल से रेलवे रोड पर उतारा जाना प्रस्तावित किया गया है। अत: जनहित की इस समस्या को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व के प्रस्तावित रणखंडी रोड से अंबहेटा मार्ग किए जाने के आदेश पारित किए जाए। विधायक संजय गर्ग ने कहा कि देवबंद वासियों की उक्त समस्या को विधानसभा में भी उठाया जाएगा। वहीं, रेलवे रोड के बाशिंदों ने सपा विधायक की इस पहल का स्वागत किया है।