सरसावा (सहारनपुर)। ग्राम पिलखनी में ट्रांसपोर्ट कंपनी के चौकीदार की कंपनी के ही ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए शव को उठाने से इंकार कर दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीण मृतक का पीएम कराने के लिये तैयार हुए।
ग्राम पिलखनी में भारतीय खाद्य निगम का भंडारण गोदाम के निकट स्थित एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी का चौकीदार ग्राम पिलखनी निवासी पाल्ला मंगलवार सुबह लगभग पांच बजे दफ्तर के बाहर खाट पर बैठा हुआ था। उसी समय भारतीय खाद्य निगम के गोदाम से अनाज लेने आए उसी ट्रांसपोर्ट कंपनी के एक खाली ट्रक चालक ने बिना आसपास देखे मोड़ दिया। खाट पर बैठा हुआ चौकीदार पाल्ला उसकी की चपेट में आ गया। पाल्ला की ट्रक से कुचल के कारण मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। गांव में जैसे मामले की सूचना पहुंची मृतक के घर कोहराम मच गया। गांव के लोग एकत्र होकर घटनास्थल पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। लोगों ने ट्रांसपोर्टर को मौके पर बुलाए जाने और ट्रक चालक को गिरफ्तार किए जाने की मांग की। लोगों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। घंटों चले हंगामे के बाद पुलिस की मौजूदगी में ट्रक मालिक ने सहायता राशि दी तथा ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा लिखने का आश्वासन दिया गया। उसके बाद लोग शांत हुए तथा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिसके बाद पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया।