कर का मैनुअल रिकार्ड नहीं होने से वसूली में दिक्कत
सहारनपुर। नगर निगम का गृह और जलकर विभाग लक्ष्य के सापेक्ष वसूली नहीं कर पा रहा है। इसकी प्रमुख वजह विभाग के पास कर से संबंधित मैनुअल रिकार्ड नहीं होना माना जा रहा है। नतीजा यह है कि वर्तमान में नगरवासियों पर कर के 30 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया हैं, जिसकी वसूली नहीं हो पा रही है।
नगर क्षेत्र में कुल एक लाख 29 हजार मकान पंजीकृत हैं। गृह और जल कर नगर निगम की कमाई का बड़ा माध्यम है। मगर हैरान करने वाली बात यह है कि पिछले कई साल से कर विभाग के पास कर से संबंधित मैनुअल रिकार्ड नहीं है। केवल कंप्यूटर में तमाम रिकार्ड रखा गया है। जबकि नियमानुसार कंप्यूटर में रिकार्ड दर्ज होने के साथ ही मैनुअल रिकार्ड होना भी जरूरी है, जिसके आधार पर वसूली की जा सकती है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि कंप्यूटर में दर्ज रिकार्ड का आधार भी विभागीय अफसरों के पास नहीं है। सूत्रों ने कर का 30 करोड़ रुपये से अधिक बकाया होने की बात कही है।
बड़े बकाएदारों के नाम छुपा रहा निगम
नगर निगम का करीब 30 करोड़ रुपया कर का बकाया है। इनमें अनेक लोग ऐसे हैं, जिनपर लाखों रुपये तक का कर बकाया है। इनमें अनेक उद्यमी, नेता और निजी शिक्षण संस्थान शामिल हैं। करीब आठ वर्ष पूर्व नगर निगम ने शहर के 50 बड़े बकाएदारों के नाम सार्वजनिक किए थे। मगर वर्तमान में टैक्स विभाग के अधिकारी बकाएदारों के नाम सार्वजनिक करना तो दूर की बात, बताने तक से बच रहे हैं।
तीन साल से पहले का मैनुअल रिकार्ड हमारे पास है, मगर पिछले तीन साल से रिकार्ड अपडेट नहीं किया गया है, जिसे अब तैयार किया जा रहा है। रही बात कर वसूली की तो हमारी टीमें वार्डों में जाकर वसूली कर रही हैं। जल्द ही कैंप लगाकर वसूली की जाएगी।
- विनय कुमार, कर अधीक्षक।